जालंधर : जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर (CP) डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया है । यहाँ कमिश्नरेट पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। वहीँ आफिस पहुंचकर डॉ. गिल ने कहा कि उनका मोबाइल नंबर आम जनता के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। उन्होंने कहा किसी को भी कोई भी परेशानी हो तो मुझे कॉल कर सकते हैं। और जल्द ही वो अपना सरकारी नंबर जारी कर देंगे। उन्होंने कहा अगर वो किसी की कॉल न उठा पाए तो फ्री होकर बैक कॉल भी करेंगे।
CP डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि पुलिस थानों में FIR दर्ज करने में कोई आनाकानी नही होगी। उन्होंने कहा खासकर, चोरी के मामले में लोगों को बीमा क्लेम लेना होता है लेकिन पर्चा दर्ज न होने से लोगों को परेशानी होती है। वहीँ अगर थाने में कोई लापरवाही बरतेगा तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। CP डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि जल्द ही इस संबंध में सभी अफसरों से लेकर थाने के इंचार्जों को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया जाएगा।
डॉ. गिल ने कहा लोग पुलिस से डरने के बजाय उन्हें अपना मित्र समझें, इसको लेकर अच्छा माहौल बनाया जाएगा। डॉ. सुखचैन सिंह गिल 2003 बैच के IPS अफसर हैं। वे इससे पहले अमृतसर और लुधियाना में बतौर कमिश्नर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह जालंधर में SP रह चुके हैं। बठिंडा व चंडीगढ़ में बतौर SSP रहे डॉ. गिल डीआईजी (क्राइम) और डीआईजी पटियाला रेंज भी रह चुके हैं।