पंजाब/बठिंडा :रविवार तड़के तेज रफ्तार का कहर उस समय देखने को मिला, जब गोनियाना रोड से बठिंडा की तरफ आ रही एक बेकाबू स्विफ्ट कार सड़क किनारे बनी झुग्गियों में जा घुसी। कार ने झुग्गी में गहरी नींद में सो रहे 40 वर्षीय पिता और उसकी 16 वर्षीय बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की टांगों में फ्रैक्चर हो गया। कार ने वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और कई झुग्गियों को नुकसान पहुंचाते हुए मिट्टी के ढेर से टकराकर रुकी।
जानकारी के अनुसार, झील नंबर-2 के सामने सड़क किनारे झाड़ू बनाने का काम करने वाले कई परिवार झुग्गियां बनाकर रहते हैं। रविवार तड़के परिवार के सदस्य अपनी झुग्गियों में सो रहे थे। इसी दौरान गोनियाना रोड से बठिंडा की तरफ आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे झुग्गियों में जा घुसी। कार की चपेट में आने से खसतौर (40) पुत्र छत्तरा और उसकी 16 वर्षीय बेटी मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की टांगों में गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए इस हादसे से झुग्गियों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
कार की रफ्तार और टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने रास्ते में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार मिट्टी के ढेर से टकराकर रुकी। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन गरीब परिवारों की झुग्गियों और सामान को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना मिलने पर थाना थर्मल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया।