Skip to content

पंजाब : जनगणना का काउंटडाउन शुरू ! 40 सवालों के देने होंगे जवाब

Punjab: Countdown to the census begins! 40 questions will need to be answered.

पंजाब : जनगणना का काउंटडाउन शुरू ! 40 सवालों के देने होंगे जवाब
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : पंजाब में जनगणना के अगले चरण को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से जनगणना का फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। इस बार जनगणना में डिजिटल साक्षरता से संबंधित जानकारी भी शामिल की गई है।

जनगणना के दौरान लोगों से परिवार, शिक्षा, रोजगार, धर्म, जाति, वैवाहिक स्थिति और निवास से जुड़े कुल 40 सवाल पूछे जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा लोगों से मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट चलाने की जानकारी भी ली जाएगी। साथ ही घर बदलने, बच्चों और कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित सवाल भी शामिल बताए गए हैं।

ऑनलाइन जनगणना के लिए लोगों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर पंजाब राज्य का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, सक्रिय मोबाइल नंबर और घर के पते से संबंधित जानकारी भरनी होगी। मोबाइल पर आने वाले ओटीपी के जरिए प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

फॉर्म में जिला, गांव या शहर, मोहल्ला, पिन कोड और मकान की लोकेशन जैसी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। सभी सवालों के जवाब भरने और फॉर्म जमा करने के बाद एक यूनिक रेफरेंस नंबर मिलेगा। घर पर सत्यापन के लिए कर्मचारी पहुंचने पर यह नंबर दिखाना होगा।

1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी

जो लोग ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उनकी जानकारी जनगणना कर्मचारी घर जाकर दर्ज करेंगे। यह प्रक्रिया 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक चलेगी। इसके बाद 5 से 9 जनवरी तक छूटे हुए लोगों की जानकारी जुटाने और दर्ज आंकड़ों में गलतियां सुधारने का चरण निर्धारित होने की बात कही गई है।

डिजिटल साक्षरता पर भी रहेगा फोकस। इस बार लोगों से यह भी पूछा जाएगा कि वे मोबाइल फोन, कंप्यूटर और इंटरनेट का इस्तेमाल करना जानते हैं या नहीं। इससे डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से संबंधित आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी। जनगणना में परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी एकत्र की जाएगी।