जालंधर : पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव बुधवार को जालंधर स्थित पंजाब आर्म्ड पुलिस (पीएपी) कॉम्प्लेक्स के चमन ग्राउंड में आयोजित 67वें पुलिस स्मृति दिवस परेड में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की शहादत को श्रद्धांजलि दी।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब में नशा तस्करी, गैंगस्टरों और आतंकवादी नेटवर्कों के खिलाफ पंजाब पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2022 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 95 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए हैं और 1.27 लाख से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 7,265 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने और नशा तस्करों की 902 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज करने का दावा किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस मामलों में 90 प्रतिशत दोषसिद्धि दर होने की भी जानकारी दी है।