हेल्थ : आपको बता दे देश के कई हिस्सों में गर्मी ने दस्तक दे दी है. वहीँ कई जगह तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है. भारतीय मौसम विभाग ने इस साल भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जाहिर की है. मौसम विभाग के अनुसार इस साल अन्य सालों के मुकाबले ज्यादा गर्मी पड़ सकती है. साथ ही इस बार लू भी पहले के मुकाबले ज्यादा दिन चलेगी. तो ऐसे में जरूरी है कि हम लू से बचाव पर अपना ध्यान रखे , वरना इसकी चपेट में आने से बीमारी का शिकार भी हो सकते हैं. तो आइए जानते हैं भीषण गर्मी में लू से बचने के कारगर उपायों के बारे में..
अपने आप को रखें हाइड्रेटेड
गर्मी के मौसम में देर तक धूप में घूमने से पसीना अधिक निकलता है, जिससे भरपूर पानी ना पिया जाए तो शरीर में पानी की कमी हो सकती है. इससे आप डिहाइड्रेशन से ग्रस्त हो सकते हैं. शरीर में पानी की कमी होगी तो हीट स्ट्रोक, लू लगने की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में जितना हो सके इस मौसम में तरल पदार्थ का सेवन करें. गर्मी के मौसम में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी प्रतिदिन पिएं.
तेज़ धूप में न निकलें बाहर
लू से बचने के लिए जरूरी है कि बिना किसी वजह के धूप में बाहर न निकलें. फिर भी यदि कोई बेहद ही आवश्यक काम है तो शरीर को अच्छी तरह से ढक कर की बाहर निकलें. अगर आप दफ्तर या फिर दुकान आदि पर जाते हैं तो कोशिश करें कि सुबह जल्दी ही निकल जाएं और दिन ढलने तक वापस घर आएं. ऐसा करने से आप लू के दुष्प्रभावों से बच सकते हैं.
आरामदायक कपड़े पहने
गर्मी में बाहर निकलें तो अधिक डार्क रंग के और तंग कपड़े ना पहनें. इससे पसीना अधिक आता है. डार्क रंग के कपड़ों में गर्मी अधिक महसूस होती है.अच्छा है कि आप ढीले-ढाले और कॉटन के कपड़े पहनें. स्काई ब्लू, वाइट, ऑफ वाइट, लाइट पिंक आदि कलर बेस्ट होंगे इन दिनों पहनने के लिए, क्योंकि इनमें गर्मी अधिक नहीं लगती है.
न करें ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी
गर्मी के मौसम में ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी से बचने की कोशिश करनी चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि इस मौसम में ज्यादा वर्कआउट करने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है. जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा पैदा हो जाता है. इसके अलावा एक दम से ठंडी या गर्म जगह पर जाने से बचें. अगर आप घर में एसी या कूलर में बैठे हैं और अचानक किसी काम से बाहर धूप में निकलना पड़े तो आप हीट स्ट्रोक का शिकार बन सकते हैं. ऐसे में आपको अचानक बाहर जाने की जगह कूलर या एसी बंद करके कुछ समय सामान्य तापमान में रुकना चाहिए. फिर इसके बाद धूप में निकलना चाहिए.
सनस्क्रीन से करें स्किन प्रोटेक्ट
गर्मी में सबसे ज्यादा त्वचा की सेहत खराब होती है. धूप में घूमने से स्किन टैन, सनबर्न की समस्या बहुत होती है. बेहतर है कि आप घर से बाहर निकलते समय अच्छी क्वालिटी का सनस्क्रीन लोशन लगाएं. ध्यान रखें कि इसे लगाने के 15 मिनट बाद ही घर से बाहर निकलें. इससे धूप का हानिकारक किरणों से स्किन को नकुसान नहीं होगा.
अपनी डाइट का रखें ध्यान
गर्मियों में डाइट का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. इस मौसम में ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा हो. जैसे कि – खरबूत, खीरा, तरबूज, टमाटर आदि. कोशिश करें कि तले-भुने खाने की जगह हल्का, पौष्टिक व तरह आहार हो. कच्चे आम का पन्ना, नारियल पानी, दही, लस्सी और छाछ पिएं. इनका सेवन करने से लू लगने का खतरा भी कम हो जाता है.
कुछ खाकर ही घर से निकलें
गर्मी के मौसम में कभी भी बिना कुछ खाये यानी खाली पेट बाहर न जाएं. अगर आप ऐसा करते हैं तो तेज धूप में आपको चक्कर आ सकते हैं और आप बीमार हो सकते हैं. इसलिए जब भी घर से बाहर निकले थोड़ा बहुत खाकर ही बाहर जाएं.













