नई दिल्ली (अनिल ) : कोरोना वायरस का कहर देशभर में देखने को मिल रहा है। इस वायरस की वजह से कई लोगों ने अपने करीबियों को खो दिया है। फिलहाल कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। लेकिन जल्द ही तीसरी लहर आने की बातें भी सामने आ रही हैं। ऐसे समय में कई लोग एक दूसरे की मदद के लिए भी आगे आ रहे हैं। अभिनेता सोनू सूद कोरोना वायरस की शुरुआत के साथ ही लोगों की मदद कर रहे हैं।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी लोगों की मदद के लिए आगे आएं हैं। अमिताभ बच्चन ने हाल ही में दिल्ली के एक गुरुद्वारे को जिसे कोविड सेंटर में तब्दील किया गया है, उसमें दान किया है। इतना ही नहीं अमिताभ रोज उस कोविड सेंटर में फोन कर वहां की सुविधाओं का जायजा लेते हैं। इस बात की जानाकरी दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने दी है।
शिरोमणी अकाली दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘सिख महान हैं, सिखों की सेवा को सलाम… यह शब्द थे अमिताभ बच्चन जी के जब उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर कोविड केयर फैसिलिटी के लिए 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया। दिल्ली ऑक्सीजन के लिए जूझ रही है, अमिताभ जी ने करीब रोजाना मुझे फोन करके फैसिलिटी के बारे में जायजा लिया है। गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन साल 2020 में भी मदद के लिए आगे आए थे। उन्होंने लोगों को खाने के पैकेट भी लोगों को बांटे थे।