पंजाब : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है । कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के करीब चार साल बाद कैप्टन का सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहली कतार में बैठना महज एक शिष्टाचार मुलाकात है या इसके पीछे कोई सियासी संदेश छिपा है, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।
हालांकि, कैप्टन ने वापसी की अटकलों पर खुद विराम लगाते हुए साफ किया है कि वह दोबारा से कांग्रेस जॉइन नहीं कर रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बावजूद गांधी परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध पूरी तरह खत्म नहीं हुए। वह पहले भी सोनिया गांधी के प्रति सम्मान और कांग्रेस के साथ अपने पुराने जुड़ाव की बात स्वीकार कर चुके हैं।
ऐसे में पुस्तक विमोचन समारोह में उनकी मौजूदगी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। कैप्टन की इस मौजूदगी के पीछे उनकी भाजपा के साथ मौजूदा राजनीतिक स्थिति को भी अहम माना जा रहा है।
कैप्टन का कहना रहा है कि दो बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद भाजपा ने पंजाब से जुड़े राजनीतिक मामलों में उनके अनुभव का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं किया। ऐसे में भाजपा में उनकी भूमिका और भविष्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
उधर कांग्रेस की ओर से भी कैप्टन की वापसी की संभावनाओं को लेकर समय-समय पर बयान सामने आए हैं। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने पहले कहा था कि राजनीति में कुछ भी संभव है, हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि इस संबंध में कैप्टन से कोई बातचीत नहीं हुई है।