पंजाब : पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक बड़ी वारदात में दो अज्ञात हथियारबंद आरोपियों ने बंदूक की नोक पर एक व्यक्ति से उसकी महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार छीन ली। यह घटना डाउनटाउन रेस्टोरेंट के पास हुई, जिसके बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर की पुलिस व खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील पठानकोट में हुई इस वारदात के मद्देनजर, पुलिस ने पठानकोट, गुरदासपुर से लेकर कठुआ, सांबा और जम्मू तक सभी प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी और सघन चेकिंग के निर्देश जारी किए।
पुलिस अलर्ट के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने पठानकोट से कठुआ की ओर जाते समय एक व्यक्ति को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार (नंबर पीबी35एए-9902, 2017 मॉडल डीजल कार) छीन ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के विभिन्न नाकों, पीसीआर टीमों और हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके परिणामस्वरूप, पंजाब से जम्मू तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।