पंजाब : पंजाब की राजनीति में रविवार को बड़ा उलटफ़ेर सामने आया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पूर्व अध्यक्ष एवं पंजाब की पूर्व कैबिनेट मंत्री बीबी जागीर कौर एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल हो गईं। उन्होंने शिअद (पुनर सुरजीत) से अपना नाता तोड़ते हुए अकाली दल में वापसी की है।
कपूरथला जिले के भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के गांव बेगोवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में बीबी जागीर कौर ने अकाली दल का दामन थामा। इस मौके पर अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
बीबी जागीर कौर की वापसी को दोआबा की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह अकाली दल में पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी वह अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।