जालंधर : जालंधर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, स्मार्ट सिटी परियोजना में अनियमितताओं, शहर की बदहाल सफाई एवं सीवरेज व्यवस्था और विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी के खिलाफ आज भाजपा पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू की अध्यक्षता में भाजपा पार्षदों ने सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में जालंधर भाजपा के प्रधान अशोक सरीन हिक्की और भाजपा देहाती प्रधान जगबीर बराड़ मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के धरने के दौरान निगम कमिश्नर सहित संबंधित अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद भाजपा पार्षदों ने कमिश्नर के दरवाजे पर ही अपना मांगपत्र चिपकाकर निगम प्रशासन के प्रति रोष जताया।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि स्मार्ट सिटी परियोजना से संबंधित CAG रिपोर्ट में दर्ज टिप्पणियों और अनियमितताओं पर सरकार स्थिति स्पष्ट करे तथा परियोजना के खर्च, टेंडरों, भुगतान, जांच और कार्रवाई की पूरी जानकारी वाला श्वेत पत्र जारी किया जाए। भाजपा ने यह भी मांग की कि विजिलेंस जांच की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए, दोषियों की जिम्मेदारी तय हो और शहर की सफाई, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट तथा पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना घोषित की जाए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वार्ड में सफाई एवं सीवरेज कर्मचारियों के स्वीकृत पदों, तैनात कर्मचारियों, रिक्त पदों और लंबित भर्ती बैकलॉग का पूरा विवरण भी सार्वजनिक करने की मांग उठाई गई।