नेशनल न्यूज़ : उत्तराखंड की हरिद्वार से एक अनोखा मामला सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन और जेल प्रशासन की नींद उड़ा दी है, मिली जानकारी अनुसार रोशनाबाद जेल से दो खूंखार बंदी उस समय भाग निकले जब जेल में रामलीला का मंचन चल रहा था और भागने वाले बंदी वानर का रूप रखे माता सीता की खोज के प्रसंग का हिस्सा थे बताया जा रह है कि बंदी जेल में चल रहे निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सीढ़ी लगाकर जेल की दीवार फांद कर भाग गए।
घटना बीती रात की है जब जेल में रामलीला का मंचन हो रहा था। मंचन के दौरान माता सीता की खोज का प्रसंग चल रहा था, कलाकार बने बंदी अपने किरदार में थे और वानर बने बंदी माता सीता की खोज करने में लगे हुए थे तभी वानर बने दो बंदी भाग निकले, घटना का पता तब चल जब बंदियों की गिनती हुई।
बंदियों के भागने की खबर सामने आते ही जेल प्रशासन के हाथ पैर फूल गए तत्काल जिला प्रशासन और जिला पुलिस बल को सूचित किया गया, भागने वाले बंदियों की पहचान रुड़की निवासी पंकज और उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी राजकुमार के रूप में हुई है, घटना के बाद से जेल से लेकर जिले तक में हड़कंप मचा हुआ है बंदियों की तलाश जारी है।













