लुधियाना : लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर चौक के एक जिम में 21 वर्षीय शिवम की जान चली गई। ट्रेनर पर लेग प्रेस मशीन पर क्षमता से अधिक वजन उठवाने के आरोप हैं। 22 दिन तक चले इलाज के बाद युवक की मौत हो गई।
बताया जा रहा है घटना के बाद से जिम का मालिक और ट्रेनर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। परिजनों के अनुसार, शिवम रोजाना की तरह जिम में वर्कआउट करने गया था। आरोप है कि ट्रेनर ने लेग प्रेस एक्सरसाइज कराते समय मशीन में अचानक अधिक वजन लगा दिया।
वजन उठाने के प्रयास में शिवम की कमर और रीढ़ में तेज दर्द उठा। वह मशीन पर गिर पड़ा और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में रीढ़ की हड्डी की नस दबने की बात सामने आई। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई ले जाया गया पर जान नहीं बच सकी।












