Skip to content

पंजाब में हथियार तस्करी का अनोखा तरीका : तस्कर डिलीवरी बॉय बन पहुंचा रहे हथियार

पंजाब में हथियार तस्करी का अनोखा तरीका : तस्कर डिलीवरी बॉय बन पहुंचा रहे हथियार
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : पंजाब में हथियार तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया है। अब तस्कर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए डिलीवरी बॉय की वर्दी और ई-कॉमर्स कंपनियों के पैकेटों का सहारा ले रहे हैं। पटियाला पुलिस ने ऐसे ही एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 15 पिस्तौल और 30 कारतूस बरामद किए गए हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों की वर्दी पहनकर बसों और ट्रेनों से हथियार पंजाब लाते थे और पुराने डिलीवरी बॉक्स में पैक कर उनकी सप्लाई करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। एसएसपी वरुण शर्मा ने सोमवार को बताया कि सीआईए पटियाला और थाना सदर राजपुरा की संयुक्त टीम ने दिल्ली-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसंतपुरा के पास कार्रवाई कर विशाल (20), सुभाष, जिंदर उर्फ सागर उर्फ भैरों (21) और बादल कुमार (20) को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों की वर्दी पहनकर सार्वजनिक परिवहन से सफर करते थे। हथियारों को पुराने ई-कॉमर्स पैकेटों में पैक कर ले जाया जाता था, जिससे सामान्य पार्सल जैसा आभास होता था और जांच एजेंसियों का शक कम होता था। पुलिस का मानना है कि तस्करों का यह तरीका सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती बनकर उभरा है।