जालंधर : खबर है कि जालंधर के बस्ती गुजां में दिन दिहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटों में सफलता हासिल की है। गत दिन करियाना दुकानदार की हत्या करने वाले आरोपी को कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दे बस्ती गुजा क्षेत्र के मेन बाजार में कल सुबह करियाणा दुकानदार व्यापारी की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि उक्त आरोपी नशे करने का आदी था और रुपए की खातिर लूट की वारदात करते हुए उसने करियाना दुकानदार व्यापारी की हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना पुलिस से लेकर CIA स्टाफ और नारकोटिक्स सेल को लेकर इस मर्डर को ट्रेस करने के लिए टीमों का गठन किया गया था। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि परमजीत अरोड़ा (62) की हत्या नशे के आदी युवक ने की है। उन्होंने बताया परमजीत अरोड़ा अपने घर में ही करियाने की दुकान चलाता था और सुबह लगभग साढ़े 6 बजे के करीब वह दुकान खोल रहा था। इस दौरान आरोपी ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की पहचान लवप्रीत उर्फ प्रीत (29) निवासी बस्ती गुजां के रूप में हुई है जोकि नशे का आदी है। डी.सी.पी ने बताया युवक को इलाके के बारे जानकारी थी और उसको जब नशे की तोड़ लगी तो उसने रुपए की खातिर परमजीत अरोड़ा से रुपए छीन कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस चाकू से आरोपी लवप्रीत ने मर्डर किया, उसे बरामद कर लिया गया है। अब कोर्ट में पेश कर उसका रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।