नेशनल न्यूज़ : बड़ी खबर सामने आई है कि कमला पसंद और राजश्री पान मसाला के मालिक कमल किशोर की बहू ने खुदकुशी कर ली है. प्राप्त जानकारी अनुसार उनकी 40 वर्षीय पुत्रवधू दीप्ति चौरसिया ने मंगलवार शाम अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दिल्ली के वसंत विहार इलाके की इस घटना में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, दीप्ति चौरसिया और उनके पति हरप्रीत चौरसिया की शादी वर्ष 2010 में हुई थी और उनका एक 14 साल का बेटा है। प्राप्त जानकरी अनुसार घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में दीप्ति ने किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया, लेकिन रिश्तों को लेकर अपने मन की पीड़ा व्यक्त की है। सूत्रों के अनुसार, नोट में लिखा है कि अगर किसी रिश्ते में न प्यार हो और न भरोसा, तो फिर ऐसे रिश्ते को निभाने और उसमें जीने का कारण ही क्या रह जाता है।
फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या दीप्ति मानसिक तनाव, अवसाद या किसी अन्य निजी परेशानी से जूझ रही थीं। पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर रही है और हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।











