पंजाब : पंजाब के गुरदासपुर में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. जिला जेल में गार्ड की ड्यूटी करने वाले पूर्व सैनिक गुरप्रीत सिंह (उम्र करीब 40 वर्ष) ने घरेलू विवाद के चलते अपनी सरकारी AK-47 राइफल से पहले अपनी पत्नी अकविंद्र कौर और सास गुरजीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी.
इसके बाद गुरप्रीत ने खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पुलिस के अनुसार, घटना गांव गुत्थी (जिला गुरदासपुर) में रात करीब 11 बजे हुई. घरेलू क्लेश के बाद गुस्साए गुरप्रीत सिंह ने अपनी पत्नी और सास पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद गुरप्रीत घटनास्थल से भागकर स्कीम नंबर 7 के सरकारी क्वार्टर में जा छिपा। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और लगभग एक घंटे तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और खुद को गोली मार ली।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, गुरप्रीत और उसकी पत्नी के बीच कई वर्षों से तनाव चल रहा था। परिजनों का कहना है कि 2016 में शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और घरेलू कलह ही इस त्रासदी की जड़ मानी जा रही है।













