जालंधर : खबर है कि जालंधर के सईपुर में संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर जमकर वबाल हुआ। यहां दो गुट आमने सामने आ गए।
मिली जानकारी अनुसार पार्क में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगी हुई थी, लेकिन कुछ लोगों ने सड़क की मांग को लेकर पार्क में बने मंच और मूर्ति को हटाकर वहां से सड़क निकालने की मांग की थी। निगम के कर्मचारियों ने मौके पर आकर मंच तोड़ दिया।
इसका पता जब बहुजन समाज पार्टी के नेताओं को चला तो वह मौके पर पहुंच गए औऱ विवाद शुरू हो गया। विवाद होता देख निगम के कर्मचारियों अधिकारियों ने पुलिस को सूचित कर दिया और इतने में ही जो गुट वहां से सड़क निकलवाना चाह रहा था वह भी मौके पर आ गया। इसी दौरान दोनों में बहसबाजी शुरू हो गई और बात मारपीट तक जा पहुंची।
सईपुर में विवाद की सूचना मिलते ही एसीपी नॉर्थ दमनवीर सिंह भी तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सभी लोगों को उन्होंने समझाने की कोशिश की कि वह यहां से चले जाएं। लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ और उल्टा बसपा नेता पुलिस अधिकारियों के साथ ही भिड़ने लग पड़े। उन पर सत्ता पक्ष के साथ मिले होने के आरोप लगाने लगे।
साथ ही बसपा नेता बलविंदर सिंह समेत कुछ नेता मूर्ति के आसपास घेरा बनाकर खड़े हो गए। पुलिस ने इन्हें जब हटाने की कोशिश की तो वह वहीं जमीन पर लेट गए और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस ने सभी को अलग-थलग करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और उठा-उठा कर पुलिस की गाड़ी में बिठाया।