पंजाब : पंजाब के सीएम भगवंत मान ने संगरूर में 200 से अधिक जेल वार्डन की पासिंग आउट परेड के दौरान बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सड़क सुरक्षा पुलिस (SSF) फोर्स भी बनेगी। इस फोर्स के जवान केवल सड़क और राहगीरों की सुरक्षा पर काम करेंगे। SSF को नवीन संसाधन, क्रेन और अलग रंग की गाड़ियां देकर प्रदेश की सड़कों को सुरक्षित रखने का जिम्मा दिया जाएगा।
50 एकड़ में बनेगी हाई सिक्योरिटी डिजिटल जेल CM भगवंत मान ने लुधियाना के समीप गांव गोरसियां गदरबक्श की पंचायत की 50 एकड़ जमीन पर हाई सिक्योरिटी डिजिटल जेल बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस जेल निर्माण के लिए पंजाब सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से 100 करोड़ रुपए मंजूर करा लिए हैं। यहां ग्राउंड फ्लोर पर जज के बैठने व कामकाज के लिए कमरे होंगे। उससे ऊपर कैदियों को रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जेल से अदालत की आवाजाही के बीच होने वाली घटनाएं न हो सकें। जज स्वयं यहां बैठकर सुनवाई कर सकेंगे।