जालंधर 2 मार्च 2024 : आम आदमी पार्टी सुप्रीमो व दिल्ली के सी.एम. अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई ऐलान किए। जालंधर पहुंचे सी.एम. मान ने लोगों को मोहल्ला क्लीनिक समर्पित किए। आज पंजाब में नए 165 मोहल्ला क्लीनिक खोले गए जिनकी शुरूआत जालंधर से की गई। इस दौरान सी.एम. मान ने कहा पहले लोगों को दूसरे इलाके में इलाज के लिए क्लीनिक पर जाना पड़ता था अब हर इलाके में मोहल्ला क्लीनिक है। पंजाब में अब तक 829 क्लीनिक खुल चुके हैं। सी.एम. मान ने कहा कि जितने ज्यादा क्लीनिक होंगे डाक्टरों को मरीजों को चैक करने का उतना अच्छा समय मिलेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा कि अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ लैस यह क्लीनिक लोगों को विश्व स्तरीय इलाज और जांच की सहूलतें मुफ्त प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य भर में एक करोड़ से अधिक मरीज इन आम आदमी क्लीनिकों से इलाज करवा चुके हैं। इसी तरह इन क्लीनिकों में कुल 41 किस्म के जांच टैस्ट मुफ्त किए जा रहे हैं। सबसे अधिक इन क्लीनिकों ने राज्य में प्रचलित अलग-अलग बीमारियों की जांच करने और इनका प्रभावशाली ढंग के साथ मुकाबला करने के लिए डाटाबेस तैयार करने में सरकार की मदद की है। उन्होंने बताया कि इन क्लीनिकों में मरीजों को दवाएं मुफ्त दीं जा रही हैं। क्लीनिकों ने राज्य के स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में क्रांति ला दी है क्योंकि इन क्लीनिकों में रोजमर्रा के आने वाले 95 प्रतिशत से अधिक मरीज अपनी बीमारियों से ठीक हो जाते हैं। सी.एम. मान ने आगे कहा कि आज राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आज 165 आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किए गए हैं और आने वाले दिनों में ऐसे और क्लीनिक समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली क्षेत्र में दिल्ली सरकार की पहलकदमियों को पंजाब में भी दोहराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे दिल्ली की तरह पंजाब के लिए केंद्र द्वारा फंड रोक दिए गए हैं परन्तु फिर भी राज्य सरकार आम लोगों के भले के लिये अथक मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक क्रांतिकारी कदम है जो लोगों को बड़े स्तर पर लाभ पहुँचाने के लिए आगे बढ़ेगा। भगवंत सिंह मान ने बताया कि गणतंत्र दिवस से लेकर मरीजों को सभी दवाएँ हस्पताल के अंदर से मुहैया करवाई जा रही हैं और लोगों को एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी मुफ्त दी जा रही है।











