लाइफस्टाइल : कई बार कुछ महिलाओं की ये समस्या होती है कि उनके चेहरे, कान और ठुड्डी के आसपास अचानक से हेयर ग्रोथ बढ़ जाती है. कई बार इस वजह से महिलाओं को बॉडी शेमिंग का भी सामना करना पड़ता है. फेशियल हेयर ग्रोथ की वजह से कई महिलाएं शर्मिंदगी महसूस करती हैं. यही वजह है कि चेहरे के एक्स्ट्रा हेयर को हटवाने के लिए कुछ टाइम के गैप में उन्हें वैक्सिंग और थ्रेडिंग के लिए पार्लर जाना पड़ता है.
फेशियल हेयर ग्रोथ की वजह
हार्मोनल इम्बैलेंस
किसी मेडिकेशन या जेनेटिक वजहों से अगर महिलाओं के शरीर मे हार्मोनल बदलाव हो रहे हैं, तो इससे हिर्सुटिस्म (Hirsutism) कहा जाता है. अगर किसी महिला के शरीर में मेल हार्मोन ज्यादा बनने लगे, तब भी ऐसी समस्या हो सकती है.
एंडरनल ग्लैंड डिस्ऑर्डर
किडनी के पास मौजूद एंडरनल ग्लैंड ऐसे हार्मोन उत्पादन के लिए जिम्मेदार है, जो कई बार जन्म से ही असामान्य होते हैं. इसी वजह से महिलाओं में हेयर ग्रोथ की समस्या देखी जाती है. एंडरनल ग्लैंड डिस्ऑर्डर की समस्या होने पर हाई ब्लड प्रेशर, बोन और मसल्स में कमजोरी, शरीर के ऊपरी हिस्से में भारीपन, हाई या लो ब्लड प्रेशर की समस्या देखी जाती है.
पॉलिसिस्टिक ओवरियन सिंड्रम
दरअसल पीसीओएस (PCOS) की समस्या के दौरान शरीर में ऐसी सिस्ट (गांठे) बनने लगती हैं, जो हार्मोनल प्रोडक्शन को प्रभावित करती हैं. कई बार पीसीओएस (PCOS) के इलाज में ली जाने वाली दवाओं के रिएक्शन की वजह से भी महिलाओं में पुरुषों की तरह हेयर ग्रोथ बढ़ने लगती है. ऐसे में अगर महिलाओं के चेहरे या शरीर पर अचानक हेयर ग्रोथ शुरू हो जाए, तो बिना देर किए डॉक्टर से मिलना ज़रूरी है.
वर्कआउट नहीं करना
अगर आप दिनभर बैठे रहते हैं और एक्सरसाइज का समय नहीं मिलता तो वजन बढ़ने लगता है. इससे हार्मोनल इंबैलेंस होता है और फेशियल हेयर ग्रोथ की प्रॉब्लम शुरू हो सकती है.
कैफीन का ज़्यादा प्रयोग
दिन भर में चार-पांच कप या उससे ज्यादा कॉफी पीने से भी महिलाओं के शरीर में टेस्टोस्टेरोन का प्रोडक्शन बढ़ा सकता है. शोधों के मुताबिक, अगर आप 4 हफ्तों से ज्यादा इसी तरह की लाइफस्टाइल जारी रखती हैं, तो ये टेस्टोस्टेरोन लेवल में बढ़ोतरी की वजह बन सकता है.
ज्यादा स्ट्रेस लेना नुकसानदेह
ज्यादा स्ट्रेस चेहरे पर फेशियल हेयर बढ़ने की वजह हो सकते हैं. स्ट्रेस और प्रेशर की वजह से शरीर का नेचुरल हार्मोनल बैलेंस बिगड़ सकता है. इससे अनचाहे बालों की ग्रोथ तेज़ हो जाती है.
स्मोकिंग और ड्रिंकिंग
ज्यादा स्मोकिंग और ड्रिंक करने से शरीर में निकोटीन और अल्कोहल बढ़ता है, जो हार्मोनल बदलाव की वजह होते हैं.
बेहतर नींद का अभाव
अगर आप ठीक तरह से नींद नहीं ले पा रही हैं और शरीर हमेशा थका हुआ रहता है. तो ये भी एक कारण हो सकता है आपको चेहरे पर अचानक हेयर ग्रोथ देखने को मिले.
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें। इंडिया लिविंग न्यूज़ इसकी सत्यता, सटीकता और असर की जिम्मेदारी नहीं लेता है।











