पंजाब : पंजाब पुलिस के एक एएसआई ने मानसिक रूप से परेशान होकर फिरोजपुर फीडर नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीमें नहर में उनकी तलाश में जुटी । इस मामले में पुलिस ने एएसआई की पत्नी के बयान पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई गुरदयाल सिंह मूल रूप से गुरदासपुर के रहने वाले हैं और 112 हेल्पलाइन पर तैनात थे। नहर में छलांग लगाने से पहले पुलिसकर्मी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे विदेश में रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी द्वारा बटाला नगर काउंसिल चुनाव आम आदमी पार्टी की ओर से लड़ने के बाद चुनावी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक महिला की तस्वीर के साथ उनकी फोटो जोड़कर सोशल मीडिया पर बदनाम करने की साजिश रची।
वीडियो में गुरदयाल सिंह ने सात लोगों के नाम लिए हैं, जिनमें एक पत्रकार भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने उसी महिला से उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई। बाद में शिकायत वापस लेने के बदले करीब 35 लाख रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई।
एएसआई ने वीडियो में कहा कि वह लगातार मानसिक दबाव में था और इसी कारण आत्महत्या जैसा कदम उठा रहा हूं। घटना के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी के बयान पर सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल गोताखोर नहर में एएसआई की तलाश कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।












