जालंधर : जालंधर के मॉडल टाउन में दिनदहाड़े युवक से गाड़ी लूटने के मामले को पुलिस ने चंद घंटों में ही सुलझा लिया है। पुलिस ने एक लुटेरे को काबू कर लिया है, हालाँकि वारदात में शामिल अन्य 3 आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने लूटी गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है और वह कार भी कब्जे में ले ली है जो लुटेरों ने वारदात के लिए इस्तेमाल की थी।
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि लुटेरों को वारदात के बाद जालंधर से बाहर नहीं जाने दिया और शहर में ही पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि लुटेरे कार लूटने के बाद दो कारों में सवार होकर जा रहे थे। आगे बूटा पिंड के पास सीआईए स्टाफ ने नाका लगा रखा था। पुलिस ने दो कारों को आते देखा तो शक के आधार पर रुकने का इशारा किया।
लेकिन कार सवार लुटेरों ने गाड़ी में से निकल कर भागना शुरू कर दिया। सीआईए स्टाफ ने 1 युवक को काबू कर लिया जबकि 3 मौके से कारों को छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे तीनों लुटेरों की भी पहचान हो गई है। उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।