नई दिल्ली : सीडीएस जनरल बिपिन रावत का आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। आपको बता दे कि हेलीकाप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले सेना के सबसे बड़े अधिकारी चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी मधुलिका का पूरे सैन्य सम्मान के साथ दिल्ली कैंट के बरार स्क्वायर स्थित श्मशान भूमि में शुक्रवार शाम पांच बजे अंतिम संस्कार किया गया। वहीँ जनरल रावत को 17 तोपों की सलामी भी दी गयी। वहीँ श्मशान भूमि परिसर में मौजूद लोगों की नम आंखों के साथ ही पूरा हिंदुस्तान उन्हें आखिरी बिदाई दे रहा था। मिली जानकारी अनुसार सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत का अस्थि विसर्जन शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा। वहीँ इस दौरान रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और राज्य के कई अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
अंतिम संस्कार के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कई पूर्व सेना अध्यक्ष, फ्रांस, बांग्लादेश, भूटान के अलावा अन्य देशों के अधिकारी के साथ ही सेना के जवान मौजूद रहे। इससे पहले सुबह नौ बजे इसी हादसे में जान गंवाने वाले ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का अंतिम संस्कार भी इसी स्थान पर किया गया। जनरल रावत की अंतिम यात्रा के साथ हजारों लोगों का हुजूम हाथ में तिरंगा व भारत माता की जय के नारे के साथ अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दे रहा था। बता दे कि बेटी कृतिका व तारिणी ने जनरल बिपिन रावत व मधुलिका रावत को मुखाग्नि दी।