चंडीगढ़ : पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार शाम को बड़ा फैसला लेते हुए प्राइवेट थर्मल प्लांटों के साथ किए पावर परचेज एग्रीमेंट को कैंसिल व रिव्यू करने के आदेश दे दिए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पावरकॉम को यह आदेश दिए हैं। धान की बुवाई व गर्मियों के पीक सीजन में राज्य की मांग के अनुसार बिजली उपलब्ध न करा पाने को मुख आधार माना गया है। मुख्यमंत्री ने तलवंडी साबो पावर लिमिटेड मानसा की विफलता का कड़ा नोटिस लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब का यह सबसे बड़ा प्राइवेट थर्मल प्लांट चालू पैडी सीजन में पर्याप्त बिजली देने में पूरी तरह असमर्थ रहा।
उन्होंने कहा इस बार पैडी सीजन में तलवंडी साबो पावर लिमिटेड के 3 यूनिट फेल हो गए। इसमे से एक यूनिट मार्च 2021 से ही फेल हो गया था। बाकी दो यूनिट करीब एक महीने के लिए बंद रहे। मौजूदा समय में भी इसका एक ही यूनिट चल रहा है। इस वजह से पंजाब को बिजली की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने पावरकॉम को इसका पावर परचेज एग्रीमेंट रद्द करने को आदेश दे दिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पावरकॉम को पिछली अकाली-भाजपा सरकार द्वारा किए सभी पावर परचेज एग्रीमेंट्स की जांच के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली उत्पादन के जो भी प्रोजेक्ट राज्य के लिए फायदेमंद नहीं हैं, उन्हें टर्मिनेट या रिव्यू किया जाए।