मोगा : यहां सिरफिरे दंपती की अजब दीवानगी का मामला सामने आया है। एक-दूसरे के लिए प्रेम की गहराई जताने के लिए उन्होंने जहर पी लिया। जहर पीते समय दोनों ने एक साल की मासूम बच्ची के भविष्य के बारे में भी नहीं सोचा। जहर पीने के बाद पत्नी की मौत हो गई जबकि पति घटना के तीन दिन तक आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझता रहा। हालांक अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। मिली जानकारी के अनुसार एहतिहातन उसे वीरवार शाम तक निहालसिंह वाला के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में ही रखा गया है।
थाना समालसर के गांव वैरोके के हरजिंदर सिंह का प्रेम विवाह चार साल पहले फरीदकोट की मनप्रीत कौर के साथ हुआ था। उनकी एक साल की बेटी है। थाना समालसर की पुलिस ने बताया कि हरजिंदर सिंह की मां ने बताया कि 4 जून रविवार को बेटे हरिंदर और बहू मनप्रीत के बीच शर्त लगी कि कौन किसको कितना प्यार कर सकता है। कौन किसके कहने पर क्या कर सकता है। पत्नी ने शर्त रखी कि क्या वह चूहे मार दवा पी सकता है तो पति तैयार हो गया। दोनों ने एक साथ चूरे मार दवा कोल्ड ड्रिंक के साथ पी ली। थोड़ी देर बाद जब दोनों की हालत बिगड़ने लगी तो घरवालों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मनप्रीत की सोमवार की शाम मौत हो गई। वहीं, हरजिंदर सिंह जिंदगी व मौत से जूझता रहा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में धारा-174 में कार्रवाई की है। किसी को भी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं माना गया है।