Skip to content

पिता ने शक के कारण बेटी की हत्या की , घर के पीछे ही दफनाया

पिता ने शक के कारण बेटी की हत्या की , घर के पीछे ही दफनाया
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

अमृतसर : अमृतसर में थाना मत्तेवाल क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी नवनीत कौर की हत्या कर दी। प्रेम संबंधों के संदेह के शक के चलते पिता ने इस वारदात को अंजाम दिया और बाद में घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। मृतका की मां के घर लौटने पर बेटी के गायब होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और घर के पीछे खुदी हुई मिट्टी देखी। जेसीबी की मदद से खुदाई करने पर करीब तीन फुट गहरे गड्ढे से नवनीत कौर का शव बरामद हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी पिता फरार है। पुलिस ने मृतका की मां के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

मृतका की मां सरबजीत कौर ने बताया कि घर में विवाद के कारण वह अपने मायके गई हुई थी। 31 अगस्त की शाम को जब वह किसी काम से बाहर गई थी, तब उनकी बेटी नवनीत कौर ने फोन पर बताया था कि उसके पिता घर के पीछे एक गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद बेटी का फोन बंद हो गया। मंगलवार को घर लौटने पर जब सरबजीत कौर ने अपनी बेटी के बारे में पूछा तो आरोपी पिता ने कहा कि वह उसे कहीं भेज दिया है।

मां को संदेह हुआ और उन्होंने अपने स्तर पर बेटी को खोजना शुरू किया। बेटी द्वारा गड्ढा खोदने की बात याद आने पर उन्होंने घर के पीछे जाकर देखा, जहां नई और चिकनी मिट्टी पड़ी थी। संदेह बढ़ने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई और नवनीत का शव बरामद किया।

मत्तेवाल थाने के एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों और पूरी घटना का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।