Skip to content

पंजाब : जैक से मकान ऊपर उठाने का काम चल रहा था, ताश के पत्तों की तरह अचानक ढह गया मकान

पंजाब : जैक से मकान ऊपर उठाने का काम चल रहा था, ताश के पत्तों की तरह अचानक ढह गया मकान
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : एक बहुत ही दर्दनाक हादसे की खबर मिली है। बरनाला जिले के गांव फरवाही में रविवार तड़के दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब एक मकान को जैक की मदद से ऊपर उठाने का काम चल रहा था। ताश के पत्तों की तरह मकान अचानक ढह गया। यहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विशाल के मकान को पिछले कुछ दिनों से मरम्मत के तहत जैक से उठाया जा रहा था। रविवार सुबह करीब 4:15 बजे अचानक मकान गिर गया, जिससे अंदर सो रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। गुरुद्वारा साहिब से तुरंत अनाउंसमेंट कर लोगों को मदद के लिए बुलाया गया और प्रशासन को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल बरनाला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी अनुसार हादसे के समय मोगा निवासी तीन युवक बॉबी सिंह, प्रिंस और गुरजीत सिंह अंदर सो रहे थे, जो मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई।