Skip to content

पंजाबी गायक परमेश वर्मा के मैनेजर को मिली धमकी : विदेशी नंबरों से कॉल कर मांगी 10 करोड़ रंगदारी

पंजाबी गायक परमेश वर्मा के मैनेजर को मिली धमकी : विदेशी नंबरों से कॉल कर मांगी 10 करोड़ रंगदारी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता परमेश वर्मा के बिजनेस मैनेजर से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ये धमकी फोन पर मिली और कॉल करने वाले खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बता रहे हैं। कॉल करने वालों ने पैसे न देने पर मैनेजर और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद लुधियाना के थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विदेशी नंबरों से आई कॉल की डिटेल खंगाल रही है और साइबर तकनीक की मदद से आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में भाई रणधीर सिंह नगर (बीआरएस नगर) निवासी हरविंदर सिंह उर्फ हार्डी ने बताया कि वह निजी व्यवसाय करते हैं और लंबे समय से परमेश वर्मा का पूरा बिजनेस संभाल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें अलग-अलग विदेशी नंबरों से कॉल आ रही थी। कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की।

आरोपितों ने धमकी दी कि यदि तय रकम नहीं दी गई तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस धमकी के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। घटना के बाद हरविंदर सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।