Skip to content

PM मोदी डेरा सचखंड बल्लां में हुए नतमस्तक, संत निरंजन दास जी से लिया आशीर्वाद

PM मोदी डेरा सचखंड बल्लां में हुए नतमस्तक, संत निरंजन दास जी से लिया आशीर्वाद
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पंजाब के जालंधर पहुंचे और यहां धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए। डेरा सच्चखंड बल्लां, जो गुरु रविदास जी महाराज की विचारधारा का प्रमुख और प्रभावशाली केंद्र है। PM मोदी ने रविवार को आदमपुर एयरपोर्ट का नाम महान संत श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने का उद्घाटन किया। इस मौके पर डेरा सचखंड बल्लां सहित विभिन्न स्थानों से पहुंची संगत और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट के नए नाम का औपचारिक एलान किया, पूरा परिसर रविदास शक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान लोगों को भी संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा मैं पंजाब की इस मिट्टी को नमन करता हूं। आज गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। मुझे इस पुण्य अवसर पर आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं आप सभी देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देता हूं। मुझे सांसद के रूप में काशी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है। काशी के घाटों पर ही संत रविदास जी की शिक्षा प्रकट हुई थी। हम सभी उनसे बहुत प्रेरणा पाते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा रिश्ता गुरु रविदास जी की जन्म भूमि काशी से है। मुझे वहां से आशीर्वाद मिला है। काशी करोड़ों लोगों की तीर्थ भूमि है।

इस अवसर पर पंजाब के सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत समाज, संगत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। संगत ने गुरु रविदास जी की तस्वीरों और झंडों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और सामाजिक सम्मान का संगम साफ नजर आया।

ईयू के साथ हुए एफटीए से पंजाब को होगा लाभ: पीएम मोदी प्रधानमंत्री ने आज पेश किए गए यूनियन बजट पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि पिछले 11 साल में बहुत सारी दवाएं सस्ती की गई हैं। गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधाएं दी गई हैं। इस बजट में इसी संवेदनशीलता के साथ और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कैंसर के इलाज को और सस्ता करने के लिए अनेक कैंसर दवाओं को और सस्ता किया गया है। हाल ही में यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से पंजाब सहित भारतीय निर्माताओं को अपने उत्पादों के निर्यात में लाभ होगा।