Viral News : पंजाब के जालंधर शहर से एक अजीब खबर सामने आई है। यहां एक पुरानी और खंडहर जैसी इमारत में वर्षों से पड़ा एक ट्रैक्टर अब करोड़ों में बिक गया है, जिसे लोग कबाड़ समझ रहे थे। वही ट्रैक्टर 1.25 करोड़ रुपये की कीमत में बेचा गया। यह 105 साल पुराना विंटेज मॉडल अब अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक मशहूर संग्रहालय में रखा जाएगा।
यह ट्रैक्टर जालंधर के भगत सिंह चौक के पास एक जर्जर इमारत में लंबे समय से खड़ा था। आसपास के लोगों को इसकी असली कीमत का अंदाजा भी नहीं था। विंटेज वाहनों के जानकार पुनीत वडेरा के मुताबिक, यह कोई साधारण ट्रैक्टर नहीं बल्कि बेहद दुर्लभ मॉडल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी मांग है।
यह ट्रैक्टर साल 1921 में जर्मनी में बनाया गया था। इसका मॉडल लांज बुलडॉग एचएल-12 है, जो उस समय की उन्नत तकनीक का उदाहरण माना जाता है, जब इसकी नीलामी शुरू हुई तो मुंबई की एक कंपनी ने दो लाख रुपये से बोली लगाई। धीरे-धीरे बोली बढ़ती गई और 28 लाख रुपये तक पहुंच गई। लेकिन बाद में एक विदेशी कंपनी ने इसकी ऐतिहासिक अहमियत को देखते हुए 1.25 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर इसे खरीद लिया।