Skip to content

Punjab: स्कूटी सवार महिला का चाइना डोर से कटा गला , हुई मौत

Punjab: स्कूटी सवार महिला का चाइना डोर से कटा गला , हुई मौत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब/ लुधियाना : रविवार शाम चाइना डोर की वजह से एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमे एक महिला की मौत हो गई। महिला स्कूटी पर खरीदारी करने के लिए जा रही थी। मुल्लांपुर के रायकोट रोड पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चाइना डोर की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। जानकारी अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब महिला विवाह की खरीदारी के लिए बाजार जा रही थी। मृतका की पहचान सरबजीत कौर पत्नी मनदीप सिंह, निवासी अकालगढ़ के रूप में हुई है, जो मुल्लापुर दाखा के रायकोट रोड पर एक फूड प्वाइंट चलाती थीं।

जानकारी के मुताबिक सरबजीत कौर उर्फ जसलीन कौर स्कूटी पर सवार होकर रायकोट रोड बाजार की ओर जा रही थी। जब वह गुरुद्वारा साहिब के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक हवा में उड़ रही चाइना डोर उनके गले में लिपट गई। तेज धार वाली चाइना डोर से उनका गला बुरी तरह कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और स्कूटी से गिर पड़ीं।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अपनी गाड़ी में निजी अस्पताल पहुंचाया लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण उन्हें लुधियाना के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतका अपने पीछे दो साल का मासूम बच्चा छोड़ गई जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइना डोर की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए और ऐसे खतरनाक धागे से पतंग उड़ाने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि चाइना डोर पहले भी कई जानें ले चुका है, इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक न लगना बेहद चिंताजनक है।