Skip to content

पंजाब के CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान : अब आरटीओ कार्यालयों में जनता को होने वाली परेशानियां होंगी ख़त्म

पंजाब के CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान : अब आरटीओ कार्यालयों में जनता को होने वाली परेशानियां होंगी ख़त्म
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : पंजाब के CM भगवंत मान ने पंजाब वासियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। सीएम भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज प्रदेश में फेसलेस आरटीओ सेवाओं का शुभारंभ किया। इस पहल के साथ राज्य के आरटीओ कार्यालयों में जनता को होने वाली परेशानियों खत्म हो जाएंगी। सीएम मान ने प्रतीकात्मक रूप से आरटीओ कार्यालय पर ताला लगाकर इस नई डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की।

अपने संबोधन में भगवंत मान ने कहा कि अब लोगों को लाइसेंस या वाहन रजिस्ट्रेशन जैसे कामों के लिए आरटीओ कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और लोगों को घर बैठे पारदर्शी सेवाएं देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सीएम मान ने स्पष्ट किया कि किसी भी आरटीओ कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी। सरकार उनके अनुभव का उपयोग अन्य विभागों में करेगी। “पहले लोगों को परेशान करने के लिए रिबन काटे जाते थे, अब जनता की सुविधा के लिए हम ताले लगा रहे हैं।”

नई प्रणाली के तहत शुरू के 15 दिनों तक आरटीओ कार्यालयों में हेल्प डेस्क लगाई गई हैं, जो नागरिकों को दस्तावेज़ों और प्रक्रियाओं की जानकारी देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विभाग अब अपनी मूल जिम्मेदारियों पर ज्यादा प्रभावी ढंग से काम कर सकेगा। पंजाब सरकार पारदर्शी और सुगम प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में ऐसे और भी डिजिटल सुधार लागू किए जाएंगे। इस अवसर पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।