Skip to content

नेपाल में विरोध आंदोलन हुआ तेज़ , प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा

नेपाल में विरोध आंदोलन हुआ तेज़ , प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

काठमांडू : नेपाल में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जेनरेशन-जेड (Gen-Z) के नेतृत्व में शुरू हुआ विरोध आंदोलन तेज हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने कई बड़े नेताओं और मंत्रियों के घरों पर हमले किए और कई जगहों पर हिंसा भड़क उठी। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बीते दिन से ही सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

नेपाल के गृह मंत्री, कृषि मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन को आग के हवाले कर दिया है। नेपाल के संसद परिसर में भारी भीड़ जुटी है। प्रदर्शनकारी यहां नारेबाजी और आगजनी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी पीएम ऑफिस में भी घुस गए है। संसद को प्रदर्शनकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है।

पहले के अपडेट के मुताबिक, इससे पहले प्रधानमंत्री ने मंगलवार शाम 6 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की थी। प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू में सुरक्षाबलों पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और कई जगहों पर लाठीचार्ज किया। हालात बिगड़ने के बाद काठमांडू, ललितपुर और कई जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया।

19 लोगों की मौत, बिगड़ते जा रहे हैं हालात सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध के बीच प्रदर्शन के दौरान अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक घायल हुए हैं। सोमवार रात सरकार ने सोशल मीडिया से प्रतिबंध हटा लिया, लेकिन मंगलवार सुबह फिर से कर्फ्यू तोड़कर लोग सड़कों पर उतर आए। कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर हाईवे जाम कर दिया।