Skip to content

समुद्र में बने भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे सी ब्रिज का उद्घाटन कल PM मोदी करेंगे

(फोटो: पीटीआई)
(फोटो: पीटीआई)
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को रामनवमी के दिन तमिलनाडु के रामेश्वरम में नए पंबन ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का पहला वर्टिकल रेलवे लिफ्ट पुल होगा। पाक जलडमरूमध्य पर स्थित यह ब्रिज 2.07 किलोमीटर लंबा है। पीएम पुल का उद्घाटन रामनवमी के मौके पर करेंगे। पीएम ने यह जानकारी एक्स पर एक पोस्ट में दी।

पीएम ने लिखा, "कल, 6 अप्रैल को, रामनवमी के पावन अवसर पर, मैं तमिलनाडु के अपने भाइयों और बहनों के बीच होने के लिए उत्सुक हूं। नए पंबन रेल ब्रिज का उद्घाटन किया जाएगा। मैं श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में प्रार्थना करूंगा। 8300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन या शिलान्यास भी किया जाएगा।"

रामेश्वरम में बना नया पुल 1914 में बने पुराने पंबन ब्रिज की जगह लेगा। यह पुल रामेश्वरम द्वीप को भारत की मुख्य भूमि से जोड़ता है। पुराने पंबन पुल पर परिवहन बढ़ने के कारण असुविधा हो रही थी, इसे देखते हुए नए पुल का निर्माण कराया गया है। केंद्र सरकार ने 2019 में नया पुल बनाने की मंजूरी दी थी।

पुल की डिजाइन तकनीकी सुविधाओं और स्थानीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। नए पंबन ब्रिज की डिजाइन रेल विकास निगम ने बनाई है। यह रेल मंत्रालय की सार्वजनिक इकाई है। नए पंबन ब्रिज को बनाने में कुल 535 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

क्या होता है वर्टिकल लिफ्ट पुल? वर्टिकल लिफ्ट पुल ऐसा पुल होता है, जिसे जरूरत पड़ने पर पानी की सतह से ऊपर उठाया जा सके। वर्टिकल पुल को ऊपर उठाने पर उस जगह से पानी के बड़े जहाज आसानी से गुजर सकेंगे।