नेशनल न्यूज़ : CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर अपनी शादी की जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कल एक नई यात्रा शुरू हुई।’ इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया।
उमर अब्दुल्ला ने शादी के एक दिन बाद इस खुशखबरी को सार्वजनिक किया। उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनकी जिंदगी के नए अध्याय की जानकारी लोगों को मिली। हालांकि, उन्होंने शादी से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा नहीं की हैं।
उमर अब्दुल्ला की निधि राजदान से शादी ऐसे समय हुई है, जब करीब तीन महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक को मंजूरी दी थी। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के तलाक को मंजूरी देने पर सहमति जताई थी। दोनों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से अलग होना चाहते हैं और अपने बीच चल रहे सभी विवादों को खत्म करने के लिए तैयार हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कानूनी मामलों को भी वापस लेने पर सहमति जताई थी।
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी साल 1994 में हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे। इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर और जामिर हैं। दोनों साल 2009 से अलग रह रहे थे।