Skip to content

पंजाब के CM भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों के साथ की विशेष मीटिंग

पंजाब के CM भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों के साथ की विशेष मीटिंग
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों के साथ विशेष मीटिंग की। इस दौरान मुख्मंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र में होने वाले बड़े अपराधों के लिए जवाबदेह होंगे। आज पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी और उत्तरदायी पुलिसिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बलों में से एक है और देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की पंजाब पुलिस की शानदार परंपरा को हर तरह से कायम रखा जाना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों को न्याय मिलना चाहिए और सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए।

सीएम मान ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को इसका लाभ सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस सुधार लागू करेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य में पुलिस के आधुनिकीकरण पर पहले ही बड़ा जोर दिया है और पंजाब पुलिस को आज विश्व स्तरीय वाहनों से सुसज्जित किया जा रहा है।

सीएम मान ने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए और इस अपराध में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग को एक जन आंदोलन में तब्दील किया जाना चाहिए और इस मकसद के लिए पंचायतों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

सीएम मान ने कहा कि गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि इन असामाजिक तत्वों पर लगाम लगे। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में सभी भ्रष्ट लोगों की पहचान की जानी चाहिए तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि संदिग्ध चरित्र वाले ये पुलिसकर्मी पुलिस का नाम खराब कर रहे हैं तथा इस पर लगाम लगाई जानी चाहिए।