Skip to content

हमले के बाद सुखबीर बादल का पहला ब्यान आया सामने

Sukhbir Badal's first statement came out after the attack
Sukhbir Badal's first statement came out after the attack
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल का हमले के बाद का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर तस्वीरें शेयर पंजाब पुलिस के 2 एएसआई की तारीफ की है। गौरतलब है कि, ASI जसबीर सिंह व ASI हीरा सिंह दोनों ही गनमैन के तौर पर सुखबीर बादल के साथ हैं। सुखबीर बादल ने इनकी तस्वीरें ट्वीट पर पोस्ट कर लिखा, ''किसी की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना आसान बात नहीं है। एएसआई जसवीर सिंह और एएसआई हीरा सिंह, दोनों सीनियर प्रकाश सिंह बादल के समय से ही हमारे परिवार का हिस्सा रहे हैं... बीते दिन इनके दिखाए गए साहस और वफादारी का बदला मैं और मेरा परिवार नहीं चुका सकते। वाहेगुरु उन्हें लंबी उम्र, अच्छा स्वास्थ्य और सारी खुशियां प्रदान करें।''

बता दें कि गत दिन सचखंड श्री दरबार साहिब के बाहर सेवा करते समय सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ था। सेवा के दौरान एक शख्स ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से हमला विफल हो गया और हमलावर नारायण सिंह चौड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आज सुखबीर बादल ने कड़ी सुरक्षा के बीच सेवाएं दी। सुखबीर सिंह बादल को श्री अकाल तख्त साहिब ने तनखैया घोषित किया था। सभी अपराध स्वीकार करने के बाद सुखबीर सिंह बादल को सिंह साहिबानों द्वारा धार्मिक सजा सुनाई गई। इसके मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल ने पहले 2 दिन सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के बाहर सेवादारों वाली पोशाक पहनकर और हाथ में बरछा पकड़कर सेवा की। इस बीच उन्होंने गले में एक तख्ती भी पहनी हुई थी। इसके साथ ही सुखबीर सिंह बादल ने बर्तन मांजने की सेवा भी की। सुखबीर सिंह बादल के साथ-साथ बिक्रम सिंह मजीठिया, सुखदेव सिंह ढींढसा, बीबी जागीर कौर समेत कई अन्य अकाली नेताओं को भी धार्मिक सजा सुनाई गई है।