Skip to content

डॉक्टर की बड़ी लापरवाही, बाईं की जगह दाईं आंख का कर दिया ऑपरेशन

डॉक्टर की बड़ी लापरवाही, बाईं की जगह दाईं आंख का कर दिया ऑपरेशन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

नेशनल न्यूज़ : ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जहां 7 साल के बच्चे की दाईं आंख का ऑपरेशन कर दिया गया जबकि उसकी बाईं आंख में समस्या थी। बच्चे के परिवार ने यह दावा किया है। मामले में एक न्यूज एजेंसी को जानकारी देते हुए अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि उन्हें इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

ऑपरेशन 12 नवंबर को शहर के गामा 1 सेक्टर में स्थित अस्पताल में हुआ था। परिवार ने गुरुवार को स्थानीय पुलिस से संपर्क किया।परिवार के अनुसार बाईं आंख में पानी आने की शिकायत के बाद मंगलवार को बच्चे को आनंदा स्पेक्ट्रम अस्पताल ले जाया गया। लड़के के पिता नितिन भाटी ने पत्रकारों को बताया कि डॉक्टरों ने उनके बेटे की आंख में समस्या (आंख में एक बाहरी चीज चले जाने) के इलाज के लिए सर्जरी का सुझाव दिया और उपचार के लिए 45,000 रुपये लिए।

उन्होंने कहा कि इलाज के बाद, चिकित्सकों ने उन्हें प्लास्टिक की एक चीज की तस्वीर भी दिखाई, जो कथित तौर पर लड़के की आंख से निकाली गई थी। भाटी ने कहा कि लेकिन जब वे घर लौटे तो पत्नी ने देखा कि बच्चे की बाईं आंख के बजाय दाईं आंख का ऑपरेशन किया गया।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय बीटा 2 पुलिस स्टेशन के अधिकारी संबंधित डॉक्टर और बच्चे के परिवार के साथ मध्यस्थता करने के लिए अस्पताल पहुंचे। आरोपों पर संबंधित डॉक्टर ने कहा कि मुझसे बस दाएं-बाएं में गलती हो गई. बस यही मेरी एक समस्या है. मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं. डॉक्टर ने आगे कहा कि कि मैं पूरी गारंटी लेता हूं कि बच्चा सिर्फ पांच दिनों में ठीक हो जाएगा. भाटी ने कहा, 'यह कोई छोटी गलती नहीं है!'