Skip to content

चुनाव आयोग की पहल, पंजाब के वोटर्स अब घर बैठे ही जान सकेंगे पोलिंग बूथों पर कितनी भीड़ है

चुनाव आयोग की पहल, पंजाब के वोटर्स अब घर बैठे ही जान सकेंगे पोलिंग बूथों पर कितनी भीड़ है
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

Lok Sabha Election 2024 : पंजाब के वोटर अब वोटों के दिन 1 जून को अपने पोलिंग बूथ पर जाने से पहले घर बैठे ही यह जान सकेंगे कि उनके बूथ पर कितने लोग वोट देने के लिए कतार में खड़े हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने शनिवार को वोटरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 'वोटर क्यू इन्फोरमेशन सिस्टम’ शुरू किया गया है। यह सिस्टम एनआईसी पंजाब और मेटा के साथ मिलकर तैयार किया गया है।

सिबिन सी ने बताया कि 'वोटर क्यू इंफोरमेशन सिस्टम' को चलाने के लिए वोटरों को एक वाट्सऐप नंबर 7447447217 पर ‘वोट’ टाइप करके मैसेज भेजना होगा। इसके बाद एक लिंक प्राप्त होगा जिस पर क्लिक करने बाद में दो ऑप्शन ; (1) लोकेशन वाइज (2) बूथ वाइज स्क्रीन पर आएंगे।

चुनाव अधि‍कारी ने बताया कि लोकेशन वाइज ऑप्शन को चुनने के बाद वोटर को अपनी लोकेशन शेयर करनी होगी, जिसके बाद मोबाइल फ़ोन की स्क्रीन पर वोटर के घर के नजदीक के पोलिंग बूथों की सूची आ जायेगी। इसके बाद वोटर को बूथ नंबर लिख कर भेजना होगा और तुरंत मोबाइल की स्क्रीन पर यह जानकारी आ जायेगी कि उस बूथ पर वोट डालने के लिए कितने वोटर कतार में खड़े हैं।

सिबिन सी ने बताया कि यदि वोटर दूसरा ऑप्शन बूथ वाइज चुनता है तो उसे पंजाब राज्य चुनने के बाद अपने जिले को चुनना होगा और उस जिले के सभी विधान सभा हलके स्क्रीन पर आ जाएंगे। अपना विधानसभा हलका चुनने के बाद संबंधित बूथ नंबर भरना होगा, जिससे वोटर अपने बूथ पर वोट देने के लिए खड़े वोटरों की गिनती जान सकेगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि एक ओर जहां एक जून को मतदान के दिन मतदाताओं को गर्मी से बचाने के लिए सभी इंतजाम किये जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वोटर क्यू सिस्टम के माध्यम से मतदाता मतदान के लिए जा सकते हैं। उस समय मतदान कर सकेंगे जब बूथ पर अधिक भीड़ न हो। इससे मतदाता गर्मी से भी बचेंगे और उनका समय भी बचेगा।