मनाली : सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के संगरूर से मनाली घूमने गए चार पर्यटकों ने वहां हुड़दंग कर दिया। बताया जा रहा है सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर कहासुनी के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों पर तलवारों से हमला कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात को ये चारों पर्यटक कार को लेकर निकले थे। मनाली पुलिस थाने के समीप ओवरटेक को लेकर हल्की से कहासुनी हो गई। लोगों ने कार हटाने को कहा तो चारों ने तैश में आकर गाड़ी से तलवार निकाल ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने मनाली निवासी हरीश कुमार पुत्र देवी राम उम्र 31 साल के बयान पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं और 25 आर्म्स एक्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
हरीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह बस स्टैंड मनाली से रांगड़ी जा रहा था। रास्ते में बीबीएमबी रेस्ट हाउस के पास एक कार सफेद एक्सयूवी को ओवरटेक करके सड़क के बीचोबीच खड़ी कर दी गई। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। लोगों ने पर्यटकों से गाड़ी हटाने को कहा तो वे उलझ पड़े और चार लोग तलवार लेकर कार से बाहर आ गए और लोगों से मारपीट करने लगे। इस घटना में उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।