जालंधर : महानगर से दुखद खबर है कि रविवार रात नगर निगम की बड़ी लापरवाही से एक नौजवान की जान चली गयी है । मिली जानकारी अनुसार नकोदर चौक से गुरु नानक मिशन चौक की तरफ जाती वन-वे सड़क के बीच लगाई गई रेलिंग युवक क्रॉस कर रहा था। वहीँ इस दौरान स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की पहचान विनय शर्मा के रूप में हुई है, और वह इसी रोड पर एक अस्पताल के पास ढाबा चलाता था। । बताया जा रहा है वह चाय देकर रेलिंग क्रॉस करके ढाबे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान करंट लगा तो वह चिल्लाया। युवक की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे। सभी ने उसे छुड़ाने की कोशिश की। किसी तरह लोगों ने युवक को खींचा और पोल से छुड़ाया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद युवक के परिजन इस बात पर अड़े हुए हैं कि लापरवाही के लिए जो दोषी हैं, उस पर कार्रवाई की जाए। वहीँ पुलिस ने लोगों के बयान दर्ज करके नगर निगम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी अनुसार नगर निगम के खिलाफ लोगों का गुस्सा रात को जमकर फूटा। गुस्सा इसलिए फूटा, क्योंकि एक तो मौके पर नगर निगम का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। दूसरा करीब तीन घंटे तक नगर निगम के कर्मचारियों ने पोल की लाइट डिसक्नेक्ट नहीं की, जिससे पोल में तीन घंटे तक करंट दौड़ता रहा।