Skip to content

भूत भगाने के बहाने NRI युवती से होटल के कमरे में अश्लील हरकत

भूत भगाने के बहाने NRI युवती से होटल के कमरे में अश्लील हरकत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित प्रतिष्ठित होटल में विदेश से आई एक युवती के साथ झाड़-फूंक के नाम पर शारीरिक उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ कनाडा से भारत आई थी और उन्होंने शहर के इस नामी होटल में ठहराव किया था।

आरोपी की पहचान राहुल सूद के रूप में हुई है। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सराभा नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है और फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पीड़िता का दिल्ली में भी निवास है और वह अपने छोटे भाई के सुनहरे भविष्य की चिंता को लेकर आरोपी के संपर्क में आई थी। राहुल सूद ने उसे भाई की तरक्की के लिए एक विशेष पूजा कराने की सलाह दी थी। इसी सिलसिले में पीड़िता अपने परिवार के साथ लुधियाना पहुंची और होटल के कमरे में पूजा-अर्चना की व्यवस्था की गई। तय समय पर आरोपी होटल पहुंचा और पूजा शुरु करने से पहले कुछ सामग्री लाने की बात कही। सामग्री लेने के लिए पीड़िता की मां बाजार चली गईं, जबकि आरोपी ने धार्मिक प्रक्रिया का हवाला देकर उसके भाई को भी कमरे से बाहर भेज दिया। कमरे में युवती को अकेला पाकर आरोपी ने खौफ पैदा करने की नीयत से कहा कि उसके भीतर दो आत्माओं का वास है, जिन्हें फौरन बेदखल न किया गया तो भारी नुक्सान हो सकता है।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उस प्रक्रिया के लिए सहमत हो गई। इसके बाद आरोपी ने बाधा निवारण के नाम पर युवती के हाथ जकड़ लिए और छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने जब इसका कड़ा विरोध जताया तो उसने इसे पूजा का ही एक हिस्सा बताकर शांत रहने की हिदायत दी। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी अपनी मर्यादा लांघते हुए बलप्रयोग पर उतारू हो गया और उसने पीड़िता के कपड़े उतारकर हिंसा की और दुष्कर्म का प्रयास किया।

पीड़िता ने साहस दिखाते हुए खुद को उसके चंगुल से मुक्त कराया और आरोपी को धक्का देकर कमरे से बाहर धकेल दिया। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और पुलिस को शिकायत दी। सराभा नगर थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उसे शीघ्र ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।