चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस के भीतर फिर घमासान शुरू होने की खबर है। आपको बता दे कि आज पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया। मिली जानकारी अनुसार इसके बाद उनके समर्थन में पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त कोषाध्यक्ष गुलजार इंद्र सिंह चहल ने भी त्याग पत्र दे दिया। वहीँ नवजोत सिद्धू के इस्तीफे करीब तीन घंटे बाद एक बड़ी खबर सामने आयी कि कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना ने भी मंत्री पद छोड़ दिया है । अभी रजिया सुल्ताना ने मंगलवार को ही मंत्री पद संभाला था। वहीँ शाम सवा सात बजे फिर जानकारी आई कि पंजाब कांग्रेस के महासचिव योगेंद्र ढींगरा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
वहीं इसी बीच ये खबर भी आयी कि सिद्धू के सबसे करीबी विधायक परगट सिंह ने भी इस्तीफ़ा दे दिया है। लेकिन बाद ये बात सामने आई कि परगट सिंह ने अभी इस्तीफ़ा नहीं दिया है और उन्होंने कहा कि वह सिद्धू से मिलने पटियाला रवाना हो रहे हैं। वहीं दूसरी और सीएम चरणजीत चन्नी ने मंत्रियों की आपात बैठक बुला ली है ।