पंजाब : पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ है। पुलिस और परिवार के अनुसार, सिंगर को 13 मई को गनपॉइंट पर किडनैप किया गया था और उसके बाद से वह लापता थी।परिवार का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन शादी के लिए मजबूर कर रहा था और मना करने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
परिजनों की तलाश और पुलिस जांच के बाद आज सुबह करीब 11 बजे नहर से शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
सिंगर के भाई के अनुसार, इंदर कौर 13 मई की शाम लगभग 6:30 बजे अपनी कार से घर के लिए सामान लेने निकली थीं, लेकिन वह वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने खुद तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि इंदर कौर की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा नाम के व्यक्ति से थी, जो मोगा का रहने वाला है और वर्तमान में कनाडा में रहता है।
परिवार का दावा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था , बावजूद इसके वह सिंगर पर शादी का दबाव बना रहा था। जब इंदर कौर ने इनकार किया, तो आरोप है कि उसे गनपॉइंट पर अगवा कर लिया गया। परिजनों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी विदेश भाग गया।











