अमृतसर : बड़ी खबर है कि पंजाब में किसानों ने फिर से रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है। मिली जानकारी अनुसार भारत माला प्रोजेक्ट के तहत निकलने वाले हाईवे के लिए किसानों की अधिग्रहण की जमीनों के मुआवजे न मिलने के कारण और गन्ने का बकाया भुगतान न मिलने जैसी मांगों को लेकर किसान फिर से अमृतसर-पठानकोट रूट पर बैठ गए हैं।
किसान- मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब ने 3 महीने पहले सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन पर बटाला और गुरदासपुर में किए रेल रोको आंदोलन को खत्म किया था, लेकिन मांगे न माने जाने के बाद अमृतसर-पठानकोट रेल मार्ग पर गुरदासपुर के बटाला में अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन शुरू किया है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि पिछले तीन महीने किसानों की मांगों को लेकर बटाला और गुरदासपुर में रेलवे ट्रैक रोका था। उसमें जो तीन नेशनल हाईवे बनने जा रहे हैं, उनमें जो किसानों की जमीन एक्वायर की जा रही है, उनका मुआवजा किसानों को एक जैसा नहीं दिया जा रहा है। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का हल नहीं निकलता तब तक रेलवे ट्रैक जाम रखा जाएगा।