लुधियाना : पंजाब में भगवंत मान सरकार ने एक और गारंटी पूरी की है। CM भगवंत मान ने रविवार को लुधियाना के गोरसिया कादरबख्श में रेत खड्ड का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 16 रेत खड्डों को जनता के लिए खोल दिया है। अगले महीने तक इन ऑनलाइन खड्डों की संख्या 50 तक कर दी जाएगी।
इस अवसर पर CM मान के साथ माइनिंग मंत्री गुरमीत मीत हेयर भी मौजूद थे। बता दे जो पहले रेत की साइट पर रेट 9.50 रुपए प्रति क्यूबिक फीट निर्धारित किए गए थे अब उन्हें 5.50 रुपए प्रति क्यूबिक फीट किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार बनने से पहले लोगों को गारंटी दी थी कि रेत माफिया को खत्म करेंगे। अब लोगों को ऑनलाइन रेत मुहैया करवाने की शुरुआत कर दी गई है। उन्होंने कहा चुनाव से पहले वादे नहीं गारंटियां दी थी। जिसे पूरा किया जा रहा है।
CM मान ने बताया ऑनलाइन जिन खड्डों को किया जा रहा है इन पर जेसीबी या टिप्पर माफिया आदि नहीं चलेगा। ये लोगों का पंजाब है, लोग खुद अपने ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर आएं और खुद रेत साढ़े 5 रुपए फीट के हिसाब से लेकर जाएं। इन खड्डों पर माफिया को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। इन खड्डों पर किसी तरह की कोई गुंडापर्ची नहीं लगने देंगे। यदि कोई इस तरह की हरकत करता है तो तुरंत एक्शन प्रशासन लेगा।
CM मान ने कहा कि ऑनलाइन चेक करके लोग अपने नजदीक खड्ड देख सकते हैं। लोग अपना वाहन लेकर आएं, उसमें रेत लोड कर ले जाएं। ये पुराना तरीका है, जिसे आज लागू किया जा रहा है। इससे पारदर्शी तरीके से रेत निकलेगी। बता दे 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक और 1 अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक खड्डे खुली रहेंगी।