Skip to content

जालंधर में बैडमिंटन खेलते समय व्यक्ति को आया हार्ट अटैक, इस तरह बची जान

जालंधर में बैडमिंटन खेलते समय व्यक्ति को आया हार्ट अटैक, इस तरह बची जान
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

जालंधर : जालंधर के हंसराज स्टेडियम में उस समय अफरा-तफरी मच गयी जब बैडमिंटन खेल रहे खिलाड़ी दीपक पुजारा को अचानक हार्ट अटैक आ गया। खेल के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे मैदान पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में हड़कंप मच गया, लेकिन स्टेडियम में मौजूद डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही खिलाड़ी की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली। वहां मौजूद डॉ. नीतीश गर्ग और डॉ. पीयूष शर्मा तुरंत हरकत में आए।

उन्होंने मेडिकल टीम को आवश्यक उपकरण और आपातकालीन किट लाने के निर्देश दिए तथा मेडिकल टीम के पहुंचने से पहले ही खिलाड़ी को प्राथमिक उपचार देना शुरू कर दिया। स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉ. नीतीश गर्ग ने बिना समय गंवाए खिलाड़ी को सीपीआर देना शुरू किया। मेडिकल टीम के पहुंचने के बाद दोनों डॉक्टरों ने मिलकर जीवनरक्षक उपचार जारी रखा।

प्राथमिक उपचार के बाद खिलाड़ी को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका आगे का इलाज जारी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मैदान में ही खिलाड़ी को जीवनरक्षक उपचार देते नजर आ रहे हैं।