Skip to content

CM भगवंत मान ने पटियाला के पोलो ग्राउंड में लहराया तिरंगा

CM भगवंत मान ने पटियाला के पोलो ग्राउंड में लहराया तिरंगा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गणतंत्र दिवस पर पटियाला में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर पटियाला के पोलो ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर अपने संबोधन में सीएम मान ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। केंद्र ने बिना वजह के पंजाब का 5500 करोड़ का ग्रामीण विकास फंड रोक रखा है। जिसके चलते विकास कार्य रुके पड़े हैं।

CM मान ने कहा किसान पिछले करीब एक साल से बार्डरों पर आंदोलन पर बैठे हैं। पहली बार है कि किसानों को अपनी मांगें मनवाने के लिए आमरण अनशन करना पड़ रहा है। केंद्र को जल्द से जल्द इन किसानों को बुलाकर इनकी मांगें पूरी करनी चाहिए। किसान देश के अन्नदाता हैं, इनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।

अपनी सरकार की उपलब्धियों के बारे में मान ने बताया कि साल 2024 में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाते हुए 173 लोगों को रिश्वत लेते पकड़ा गया, जिनमें 10 गजटिड, 129 नॉन गजटिड, 32 पुलिस मुलाजिम व 24 पटवारी शामिल रहे। वहीं लोगों को उनके घरों के नजदीक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पंजाब में 881 मोहल्ला क्लीनिक खोले जा चुके हैं।

उन्होंने कहा अपने वादे के मुताबिक 90 फीसदी घरों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। सरकार की ओर से पावरकाम को बिजली सब्सिडी का भुगतान भी समय से किया जा रहा है।

सड़क सुरक्षा फोर्स की शुरुआत करने से सड़क हादसों में 48 फीसदी मौतें कम हुईं। 18 टोल प्लाजा बंद किए। जिससे लोगों के सालाना 225 करोड़ रुपये की बचत हुई। मान ने कहा कि पौने तीन साल के कार्यकाल में आप की सरकार ने पंजाब की तरक्की व खुशहाली के प्रयास में सही दिशा में कदम उठाए हैं। इससे पहले सीएम मान ने परेड से सलामी ली। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सीएम मान ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों को सम्मानित किया। इस मौके पर जरूरतमंदों को इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल और सिलाई मशीनें दी गईं।