जालंधर : खबर मिली है कि जालंधर में शनिवार दोपहर चौगिट्टी बाइपास के पास गुरुनानकपुरा के साथ लगते सतनाम नगर में हैप्पी नामक युवक नहाने के बाद छत पर अपने कपड़े डालने गया। लेकिन जैसे ही उसने छत पर बांधी तार पर कपड़े डाले तो घर के ऊपर से गुजरती हाइटेंशन लाइन ने उसे खींच लिया। बताया जा रहा है कि हैप्पी को जब करंट लगा तो जोरदार धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलस गया। बताया जा रहा है कि करंट इतना तेज था कि घर का लैंटर भी फट गया।
इसके बाद हैप्पी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। हैप्पी हिमाचल का बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार वह शादीशुदा है और अपनी पत्नी के साथ सतनाम नगर में घर की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहता था।
मिली जानकारी अनुसार हैप्पी के हाइटेंशन लाइन के संपर्क में आने के बाद साथ लगते पांच-छह घरों में करंट से बिजली के मीटर, फ्रिज, टीवी और और दूसरे उपकरण जल गए। वहीँ इसके बाद मोहल्ले की बिजली गुल हो गई व कई मीटर जल गए।