जालंधर :पंजाब को विकास की विभिन्न सौगातें देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे में विधानसभा चुनाव की हुंकार भर दी है। शुक्रवार को जालंधर में मोदी ने पंजाब के लिए 5472 करोड़ की रेल व सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने सियासी विरोधियों को निशाने पर लेते हुए चुनावी बिगुल बजा दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दी हरी झंडी और PGI में 10 प्रोजेक्ट का शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जालंधर पहुंचे। जालंधर में उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर जालंधर कैंट के साथ 75 रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन किया है। इसके अलावा अमृतसर-वाराणसी के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।अमृतसर के छरहटा से वाराणसी तक संत रविदास जी के नाम से शुरू की गई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डेरा सचखंड बलां के प्रमुख संत निरंजन दास भी इसी ट्रेन में जालंधर से वाराणसी के लिए रवाना हुए। इसके अलावा मोदी ने दो सड़क परियोजनाओं को भी जनता के समर्पित किया। इसके बाद हरी पगड़ी पहन मोदी ने मंच पर आकर जहां खुद को पंजाब और पंजाबियत से जोड़ने की कोशिश की।



वहीँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में की। उन्होंने पंजाबी में बोलते हुए कहा-
पंजाबियों, किवें हो? चढ़दी कलां च हो या नहीं?
इसके बाद उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास के एक नए उत्सव का साक्षी बन रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्हें जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अवसर मिला, जबकि कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी किया, जो गुरुओं के इतिहास, विचारों और विरासत के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के लोगों की सराहना करते हुए स्वच्छता से स्वागत की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को यहां के लोगों ने सही मायनों में अपनाया है। वहीँ उन्होंने कहा, “आज के दिन मैं इस मंच से पंजाब के महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंद्री जी को भी अपनी श्रद्धांजलि देता हूं, आज उनका 100वां शहादत दिवस है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक की सेवा, जीवन को आसान बनाना और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार ‘नागरिक देवो भवः’ के मंत्र पर कार्य कर रही है।












